देहरादून में काठगोदाम एक्सप्रेस को डिरेल करने की साजिश, लोको पायलट ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक
देहरादून। देश भर में कई जगह से ट्रेन को डिरेल करने की घटनाएं सामने आ रही है। उत्तराखंड में भी असामाजिक तत्वों ने इस तरह की घटना को अंजाम देने की कोशिश की है। लेकिन हर बार लोको पायलट की सजगता से इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया जाता है। ऐसा ही एक मामला देहरादून क्षेत्र से सामने आया है जहां काठगोदाम से देहरादून आ रही 14119 देहरादून एक्सप्रेस को डिरेल करने की साजिश की गई। साजिश के तहत ट्रैक पर 15 फीट लंबे सरिये को रखा गया था जिस पर ट्रेन चढ़ गई। तभी इंजन के नीचे तेज आवाज आने और चिंगारी उठने से लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। गनीमत रही कि ट्रेन की स्पीड कम थी, जिस वजह से घटना के उपरांत जांच के लिए उसे रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें : आईएएस की एलबीएस अकादमी मसूरी में महिला का वेश धारण कर युवक ने किया सुसाइड, उत्तराखंड में दूसरी घटना
देहरादून एक्सप्रेस बृहस्पतिवार सुबह 4:30 बजे देहरादून आ रही थी। ट्रेन जैसे ही डोईवाला और हर्रावाला के बीच पहुंची लोको पायलट अनुज गर्ग को इंजन के नीचे तेज आवाज सुनाई दी। खतरे का अंदेशा होते ही उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगा कर ट्रेन को रोक दिया। उन्होंने अपने असिस्टेंट के साथ नीचे उतरकर देखा तो इंजन के नीचे करीब 15 फीट लंबा और तीन सूत मोटा सरिया पड़ा हुआ था।
किसी तरह सरिया निकालकर किनारे किया गया और ट्रेन को सुरक्षित वहां से देहरादून रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया। साथ ही मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को देने के साथ ही आरपीएफ को दी गई। रेलवे की ओर से डोईवाला कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है।
हाल ही में देशभर में कई स्थानों पर ट्रेन पलटाने की साजिश के तहत सिलिंडर, ड्रम आदि रखकर रेलवे लाइन अवरुद्ध करने की साजिशें हुई हैं। ऐसे में इस घटना पर जीआरपी और पुलिस अलर्ट हो गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि आखिरकार सरिया रेलवे पटरी पर कैसे आया। बताया जा रहा है कि जहां घटना हुई वहां आसपास निर्माण कार्य भी चल रहा है।
