पेशेंट रेफर करने पर लिखना होगा कारण, बिना कारण रेफर करने पर होगी कार्यवाही, रेफरल सेंटर न बने चिकित्सालय, डीएम के सख्त निर्देश
डीएम ने उप जिला चिकित्सालय को 10 लाख कीमत की एनेस्थीसिया ट्राली की मौके पर ही दी क्रय करने की स्वीकृति
चिकित्सालय को उपकरण एवं मानव श्रम बढ़ाने की मौके पर ही स्वीकृति
सख्त निर्देश: पेशेंट रेफर करने पर लिखना होगा कारण, बिना कारण रेफर करने पर होगी कार्यवाही: डीएम
रेफरल सेंटर न बने चिकित्सालय, उपकरण की आवश्यकता है तो, तत्काल प्रस्ताव दें, तुरंत दिए जायेंगे फंड
चिकित्सालय में आर्थो ओटी संचालित करने तथा चिकित्सालय में ब्लड स्टोरेज बनाने की दिशा में प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
देहरादून । शुक्रवार को जिलाधिकारी सविन बंसल मसूरी के दौरे पर रहे। वहां उन्होंने निरीक्षण कर चिकित्सा और शटल जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी निरीक्षण के दौरान उप चिकित्सालय में पहुंचे। जहां आईसीयू बंद होने का कारण जाना तथा आर्थो ओटी नहीं चलने पर सवाल उठाये। चिकित्सालय की ओर से उचित उपकरण, मानव श्रम जैसी सुविधाओं का हवाला दिया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने उपकरण एवं मानव श्रम बढ़ाने के लिए मौके पर ही स्वीकृति दे दी। साथ ही चिकित्सालय को समस्त मांगों के प्रस्ताव भेजने के लिए कहा और चिकित्सा अधिकारी को समन्वय बनाने के भी निर्देश दिए।

डीएम ने चिकित्सालय में पेशेंट के रख रखाव का भी जायजा लिया साथ ही पेशेंट के रेफर करने को लेकर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि पेशेंट रेफर करने पर लिखना होगा कि किन कारणों से रेफर किया जा रहा है, बिना कारण रेफर करने पर सम्बंधित के विरुद्ध कार्यवाही होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि चिकित्सालयों को रेफरल सेंटर न बनाया जाए। यदि किसी भी तरह के उपकरणों का अभाव है तो तत्काल प्रस्ताव दें तुरंत कार्यवाही की जाएगी।

जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में प्रसव वार्ड की जानकारी ली। जिस पर उन्हें बताया गया कि 20 से 25 प्रसव महीने में होते हैं तथा आकस्मिक स्थिति होने पर माह में लगभग 6 से 8 प्रसव हेतु जिला चिकित्सालय तथा दून मेडिकल कालेज के लिए रेफर किया जाता है। जिस पर डीएम ने चिकित्सालय में ही सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: जानिए आज का पंचांग और कुछ वास्तु से संबंधित तथ्य
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय जैन, उप जिलाधिकारी मसूरी अनामिका सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
