युवती के अपहरण के शक में 2 युवक गिरफ्तार, युवती मिली बदहवास
रुड़की : हरिद्वार क्षेत्र में आए दिन युवतियों की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े हो रहे है। अभी हाल ही में सिडकुल क्षेत्र में युवती को फायर कर घायल किया गया था, जिसके प्रेमी को पकड़ कर पुलिस ने घटना का खुलासा किया था, और आज दिन दहाड़े एक 22 वर्षीय युवती के अपहरण की कोशिश की गई। हालांकि युवती को गांव के बाहर से बरामद कर लिया गया है लेकिन युवती बदहवास हालत में पाई गई थी। पुलिस ने दो युवकों को भी हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ जारी है। ग्रामीणों ने भी दो अन्य युवकों के नाम पुलिस को बताए हैं। जिनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार रुड़की के इमलीखेड़ा गांव में युवती घर से बाहर गोबर फेंकने गई थी, काफी देर तक वापस ना आने पर परिजनों में चिंता बढ़ने लगी तो ढूंढना शुरू किया गया। बाद में युवती गांव के बाहर बदहवास हालत में मिली। परिजन उसे घर ले आए। ग्रामीणों को घटनास्थल के पास एक बाइक सवार युवक खड़ा मिला। ग्रामीणों ने अपहरण के शक में युवक को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। ग्रामीणों को शक है कि युवती को कुछ नशीला पदार्थ सुंघाया गया है, जिसके बाद युवकों ने अपहरण को अंजाम देने की कोशिश की है। सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपने साथी का नाम भी बता दिया। जिसके चलते पुलिस ने उसे भी धर दबोचा।
जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इमलीखेड़ा चौकी का घेराव कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि बाकी दो लड़कों की भी जल्द गिरफ्तारी हो।
ग्रामीणों के रोष को देखते हुए पास के थाने से भी पुलिस फोर्स मंगाई गई। एसपी देहात शेखर चंद्र जुयाल ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण गिरफ्तारी की बात पर अड़े रहे। एसपी शेखर चंद्र जुयाल ने कहा कि सही स्थिति युवती के होश में आने के बाद ही पता चल पाएगी। जिसके आधार पर ठोस कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
