चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार पुलिस ने कसी कमर, क्यूआर के स्कैन से खुलेगा जानकारियों का भंडार
हरिद्वार। चारधाम यात्रा शुरू होने में बस कुछ ही वक्त बचा है। ऐसे में यातयात सुचारू रखना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। जिसको लेकर हरिद्वार पुलिस ने कमर कस ली है। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में फ्लैक्सी बोर्ड स्थापित किए गए। जिससे ड्राइवर को रूट की सही जानकारी ओर पार्किंग जैसी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
1. फ्लैक्सी बोर्ड से यात्रियों को मिलेगी यात्रा मार्ग एवं आवश्यक दिशा-निर्देश की सूचना।
2. डायवर्जन, पार्किंग आदि की जानकारी के बारे में भी बिना पूछे हाइवे पर भी रहेंगे अपडेट।
3. क्यूआर कोड भी किया गया जारी, एक स्कैन से खुलेगा जानकारियों का भंडार।

चारधाम यात्रा का पहला पड़ाव हरिद्वार से ही शुरू होता है। 13 अप्रैल को बैसाखी के स्नान पर हाइवे पर यातायात की जो स्थिति रही, उम्मीद है हरिद्वार पुलिस ने उससे सबक जरूर लिया होगा। चारधाम यात्रा की शुरुआत नजदीक है और इसी के साथ हरिद्वार पुलिस ने अपने स्तर से यात्रा के लिए लगभग सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

आपको बता दें कि चारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल से होगा, जिसमें 30 अप्रैल को ही गंगोत्री और यमनोत्री के कपाट खोले जाएंगे। वहीं 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ के कपाट खुलेंगे। हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खुलेंगे। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 19 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। जिनमें से गंगोत्री के लिए 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पंजीकृत हैं।

तैयारियों की समीक्षा के उपरांत एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल के निर्देश पर तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए यातायात पुलिस हरिद्वार के कर्मियों ने यात्रा मार्ग पर क्यूआर कोड सहित अलग-अलग जानकारी समेटे हुए फ्लैक्सी बोर्ड स्थापित किए। जिससे की यात्रीगण को आसानी से डायवर्जन, स्थान, पार्किंग आदि आवश्यक जानकारी मिल पाए।

क्यूआर कोड स्कैन से क्या मिलेगी जानकारी
चारधाम यात्रा के दृष्टिगत क्यूआर का निर्माण किया गया है। जिसके एक स्कैन से यात्री आसानी से निम्नलिखित जानकारी हासिल कर सकते हैं
1- पार्किंग
2- रूट डायवर्जन
3- फोटो/ वीडियो गैलरी
4- खोया पाया केंद्र
5- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
6- जिला दूरभाष संपर्क सूची
बीते 13 अप्रैल में बैसाखी के स्नान पर हरिद्वार हाइवे पर लगी गाड़ियों की लाइनों से यातायात की जो स्थिति रही, उससे हरिद्वार यातायात पुलिस ने जरूर सबक लिया होगा। लेकिन इस बार श्रद्धालुओं के उत्साह को ध्यान में रखते हुए हाइवे पर भीड़ बढ़ सकती है। चारधाम के लिए हरिद्वार में बाहर से आने वाली गाड़ियों के लिए तो प्रशासन व्यवस्था बनाते हैं लेकिन स्थानीय निवासियों की सुविधा को भी प्राथमिकता देना प्रशासन की ही जिम्मेदारी होगी।
