प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 28 जनवरी को उत्तराखंड दौरा संभावित
राष्ट्रीय खेलो का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
38वें राष्ट्रीय खेलो की मेजबानी कर रहा उत्तराखंड
हरिद्वार और शारदा कॉरिडोर के साथ ऋषिकेश डेवलेपमेंट को लेकर पेश करेंगे रिपोर्ट
केदार पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टरप्लान के डेवलपमेंट की दी जाएगी प्रेजेंटेशन
देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर उत्तराखंड के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। 28 जनवरी को पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा संभावित हैं। जिसमें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करने उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री दौरे के प्लान को लेकर सरकारी तंत्र भी एक्टिव मोड में है। दौरे को लेकर सरकार ने होमवर्क भी किया है। प्रधानमंत्री इस दौरान राज्य की तमाम बड़ी परियोजनाओं की भी समीक्षा करने वाले हैं। इसके लिए करीब 2 घंटे का समय तय किया गया हैं। जिस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने विभिन्न योजनाओं का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें ऋषिकेश, हरिद्वार कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर पर खासतौर से चर्चा होगी।
हरिद्वार कॉरिडोर का डेवलपमेंट भी काफी समय से चर्चा का विषय रहा है। ऐसे में हरिद्वार कॉरिडोर के अंतर्गत हर की पैड़ी से हरिद्वार के डेवलपमेंट का प्लान प्रधानमंत्री के सामने राज्य के अधिकारी रखेंगे। दरअसल काफी समय से राज्य सरकार हरिद्वार में डेवलपमेंट प्लान को तैयार करने में जुटी है और कुंभ क्षेत्र को सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार की तरफ से ब्लूप्रिंट भी तैयार किया गया है। जिसे प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
साथ ही आपको विदित होगा कि उत्तराखंड राज्य इस बार 38वे राष्ट्रीय खेलो की मेजबानी कर रहा है जो हर उत्तराखंडवासी के लिए गौरव की बात है। ऐसे में एक तरफ सरकार की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर तैयारी भी की गई है तो वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड डेवलपमेंट को लेकर प्रधानमंत्री के सामने विस्तृत रिपोर्ट देने का भी दबाव सरकार पर होगा।
केदारनाथ पुनर्निर्माण सरकार के लिए प्राथमिकता का विषय है जिसको लेकर प्रधानमंत्री आध्यात्मिक तौर से भी जुड़े हुए है। तो लाजमी है कि केदारनाथ पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ के मास्टरप्लान के कार्यों की प्रेजेंटेशन पीएम को उन 2 घंटों के बीच दी जाएगी। साथ ही महाकाली- शारदा नदी को पर्यटन से जोड़ने के लिए बनाई गई नई परियोजना का प्लान भी प्रधानमंत्री के समक्ष पेश किया जाएगा। जिसको लेकर सरकार के सचिव नियोजन आर मीनाक्षी सुंदरम ने पूरे प्लान की समीक्षा की है।
