उत्तराखंड में निकाय चुनाव का मतदान जारी, 30.29 लाख मतदाता आज करेंगे 5405 प्रत्याशियों की किस्मत पेटी में पैक
उत्तराखंड निकाय चुनाव, उत्तराखंड में निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी है। 100 निकायों में मतदान कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने 16,284 कर्मचारी, 18 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी चुनाव में लगाए हैं। करीब 30 लाख 29 हजार मतदाता मतदान करेंगे। सुबह आठ बजे वोटिंग शुरू हो गई है। लोगो में वोट डालने को लेकर खासा उत्साह भी देखने को मिल रहा है। निकाय चुनाव को लेकर राज्य में कुल 1515 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल बूथों की संख्या 3394 है। आज 30 लाख 29 हजार मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर 5405 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में पैक करेंगे। जिसकी मतगणना 25 जनवरी को की जाएगी। मतदान के साथ साथ प्रशासन ने मतगणना की भी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

राजधानी देहरादून की बात करें तो देहरादून नगर निगम के मेयर पद के लिए विभिन्न दलों के 10 प्रत्याशी निर्दलीय मिलाकर चुनाव मैदान में हैं। जबकि, पार्षद के पद के लिए 385 प्रत्याशी इस बार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। दून नगर निगम क्षेत्र में 7 लाख 71 हजार 428 मतदाता हैं।देहरादून के केसरवाला बूथ पर लोगों ने सड़क की मांग को लेकर चुनाव का बहिष्कार किया है। स्थानीय लोग मतदान स्थल से कुछ दूर धरने पर बैठ गए हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय केसरवाला स्थित बूथ पर 423 वोट हैं। जिनमें अभी तक छह ही वोट पड़े हैं। पुलिस–प्रशासन ने लोगों को समझाने का प्रयास किया पर वह नहीं माने। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेना यहां सड़क नहीं बनने दे रही। वह जमीन को अपना बताती आई है। जबकि यह राजस्व भूमि है। 2022 में रायपुर में चुनावी सभा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने सड़क निर्माण की घोषणा की थी, पर कुछ नहीं हुआ। लोग 12 साल से सड़क की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। बाकी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।

रुड़की के एक मतदान केंद्र पर बूथ एजेंट को विधायक ममता राकेश के बेटे का गुस्सा झेलना पड़ा। भगवानपुर नगर पंचायत के एक मतदान केंद्र पर एक पार्टी की पर्ची के चिन्ह को लेकर हंगामा हो गया। विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश विरोध करते हुए मतदान केंद्र के अंदर घुस गए। जिसे लेकर एजेंट ने विरोध किया। इसे लेकर मौके पर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया।

बात करें नए नगर निगम की तो इस बार 3 जगह पहली बार नगर निगम के चुनाव संपन्न हो रहे है। जिस में श्रीनगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ शामिल हैं। इससे पहले ये नगर पालिकाएं थी। जहां पहली बार नगर निगम के चुनाव जारी हैं। अल्मोड़ा में मतदान के शुरुवात में कुछ मतदाताओं द्वारा बताया जा रहा था कि पहचान पत्र में पता साफ न दिखने के चलते बूथ एजेंट मताधिकार का प्रयोग नहीं करने दे रहे। इसके अलावा बाकी दोनों निगमों में मतदाताओं के उत्साह के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है।
वहीं हरिद्वार में पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोभाल ने भी रोशनाबाद में आईटीआई के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही सभी मतदाताओं से अपने वोट का इस्तेमाल करने की भी अपील की। जिसको लेकर हरिद्वार में भी बुजुर्गों में वोट डालने का खासा उत्साह देखा गया। शिवालिक नगर में सबसे बुर्जुग वोटर माधव सिंह भोरा(102) ने वोट डाला और लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई। सतर्कता की बात करें तो हरिद्वार के संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों की निगरानी ड्रोन द्वारा की जा रही है। हरिद्वार नगर निगम के साथ जिले की सभी नगर पालिकाओं के मतदान केंद्रों पर लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है।

कुमाऊं के नैनीताल जिले में निकाय चुनाव को लेकर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। जिले के सभी बूथों में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं। सीएम सचिव/ कमिश्नर दीपक रावत ने सुबह 8.30 बजे प्रांतीय खंड नैनीताल में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

सुबह 10 बजे तक राज्य के अलग अलग क्षेत्रों में वोटिंग प्रतिशत
टिहरी जिले में 10 बजे तक 9.67 प्रतिशत मतदान।
नगर निगम ऋषिकेश में सुबह 10 बजे तक 9.56 प्रतिशत
नगर निगम देहरादून में सुबह 10 बजे तक 8.35 प्रतिशत मतदान हुआ।
विकासनगर पालिका में 11.68 प्रतिशत मतदान।
सेलाकुई नगर पंचायत में 9.85 प्रतिशत।
डोईवाला में 10 बजे तक 9.91 प्रतिशत।
मसूरी पालिका में सुबह 10 बजे तक 9.8 प्रतिशत मतदान।
हरबर्टपुर पालिका में 11.33 प्रतिशत मतदान।
हरिद्वार में 10 बजे तक 13.3 प्रतिशत मतदान।
चमोली के सभी निकायों में 10 बजे तक औसत 9.12 प्रतिशत मतदान।
न0पा0गोपेश्वर -10.00 ℅
न0 पा0 कर्णप्रयाग -10.00 ℅
न0पा0 गौचर -12.32 ℅
न0पा0 ज्योतिर्मठ -11.46 ℅
न0प0 नंदानगर -17.92℅
न0प0 थराली -06.74℅
न0प0 पीपलकोटी -11.25℅
न0प0 नंदप्रयाग -10.86℅
न0प0 गैरसैंण -10.98℅
न0प0 पोखरी -10.44℅
