मंत्री सतपाल महाराज पहुंचे ऋषिकुल मैदान, चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
हरिद्वार। लघु सिंचाई, संस्कृति, ग्रामीण निर्माण, पंचायतीराज, जलागम प्रबन्धन,बाढ़ नियंत्रण एवं भारत-नेपाल नदी परियोजना मंत्री सतपाल महाराज ने गुरूवार को ऋषिकुल मैदान पहुॅचकर चारधाम यात्रा पंजीकरण केन्द्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पंजीकरण केन्द्र पर यात्रियों की सुविधा हेतु पंजीकरण काउण्टर, बैठने, पेयजल, शौचायलय, चिकित्सा, सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।

उन्होंने देश-विदेश से चार धाम यात्रा हेतु पंजीकरण केन्द्र पहुॅचे श्रद्धालुओं से वार्ता करते हुए विभिन्न विषयों पर फीडबैक लिया तथा सभी की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। पंजीकरण केन्द्र पहुुॅचे सभी श्रद्धालुओं ने पंजीकरण हेतु किये गये इन्तजाम की प्रशंसा की।

श्री महाराज ने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों को पंजीकरण कराने में किसी भी प्रकार की परेशानी या असुविधा न हो तथा आने वाले श्रद्धालु अपने साथ सुखद यादें लेकर जायें। उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि पहलगांव आतंकवादी हमले के बाद यात्रियों की संख्या में कमी आई थी, परन्तु अब धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा पर बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की संभावना है।

अभी तक यमनोत्री धाम में 5,08,041 गंगोत्री धाम में 5,59,272 केदारनाथ धाम में 10,40,901 बद्रीनाथ धाम में 9,46,61 एवं हेमकुण्ड साहिब में 61,822 श्रद्धालुओं सहित कुल 31,16,655 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि अभी तक यमनोत्री धाम में 2,10,908 गंगोत्री धाम में 1,96,200 केदारनाथ धाम में 4,53,414 एवं बद्रीनाथ धाम में 2,94,864 अभी तक कुल 11,55,386 श्रद्धालु दर्शन कर चुके है। उन्होंने बताया कि हेमकुण्ड साहिब के दर्शन के लिए 61 हजार 822 श्रद्धालुओ द्वारा अपना पंजीकरण कराया गया है। उन्होंने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा भी शुरू होने वाली है। 250 यात्री कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जायेंगे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा लिपुलेख होते हुए जाएगी। उन्होंने बताया कि ऐंसी व्यवस्था की गई है कि भारत के लिपुलेख से भी यात्री कैलाश मानसरोवर के दर्शन कर पायेंगे।

इस दौरान जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल, तहसीलदार सचिन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
