गंगोत्री धाम जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 29 यात्री घायल
उत्तरकाशी। आज सुबह करीब पौने दस बजे श्रद्धालुओं से भरी एक बस गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें सवार 29 यात्रियों को छोटे आई। बस में मध्यप्रदेश के 41 यात्री सवार थे जो यमनोत्री के दर्शन कर गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बस का चालक कुछ मानसिक पीड़ित था और गाड़ी चलते समय मोबाइल का प्रयोग कर रहा था।

सूचना के अनुसार सुबह करीब 10 बजे एक बस संख्या UK13PA-0085 गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालूपानी के हेयरपिन बैण्ड पर अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, बस में मध्यप्रदेश के 41 यात्री सवार थे, 29 यात्रियों को सामान्य चोटें आयी है। धरासू पुलिस टीम द्वारा तुरन्त मौके पर पहुंचकर घायलों को 108 व पुलिस हाइवे पैट्रोल के माध्यम से पीएचसी डुण्डा पहुंचाया गया। तीर्थ यात्री श्री यमुनोत्री धाम से दर्शन कर बस से श्री गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे।

उत्तरकाशी ए आर टी ओ स्वर्णा नौटियाल ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया साथ ही गाड़ी के कागजों की भी जांच की। जिसमें गाड़ी के सभी कागज पूरे सही पाए गए साथ में ग्रीन कार्ड भी था। लेकिन ड्राइवर की मानसिक स्थिति सही न होने ओर ड्राइविंग करते वक्त मोबाइल का इस्तेमाल करना ही दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। फिलहाल दुर्घटना के बाद से चालक और परिचालक दोनों ही फरार है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना धरासू पुलिस, आपातकालीन सेवा 108, और पुलिस हाईवे पेट्रोल यूनिट तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं की गई और यातायात को भी शीघ्र सामान्य कर दिया गया। प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। अन्य वैकल्पिक साधनों के ज़रिए यात्रियों को उनके गंतव्य, गंगोत्री धाम, तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
