हरिद्वार में कांवड़ मेला धार्मिक आस्था की मिसाल, न कि DJ प्रतिस्पर्धा का मैदान
SSP हरिद्वार के निर्देशन में कांवड़ मेला 2025 की तैयारियाँ तेज़
कोतवाली मंगलौर पुलिस ने DJ संचालकों को थमाए नोटिस
नोटिसों में शर्तों के साथ दी अनुमति, उल्लंघन करने पर होगी क़ानूनी कार्रवाई
हरिद्वार। हरिद्वार में हर साल कावड़ मेला आस्था के साथ शुरू होता है और खत्म होता है डाक कावड़ के डीजे प्रतिस्पर्धा के साथ। जिसमें अक्सर देखा गया है कि कावड़ियों द्वारा रास्ते में गाड़िया खड़ी करके ध्वनि प्रदूषण के साथ प्रतिस्पर्धा की जाती है। जिससे सभी नियम कानून की धज्जियां उड़ाई जाती है। लेकिन इस बार हरिद्वार पुलिस ने कड़े कानून के साथ मेले को संचालित करने का मन बनाया है। जिसके तहत हरिद्वार पुलिस ने कोतवाली मंगलौर के माध्यम से दिल्ली, मेरठ, लोनी, गाजियाबाद के डीजे संचालकों और यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर्स को नियमों की जानकारी के साथ पहले ही नोटिस थमा दिया है।

एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने कांवड़ मेला 2025 की तैयारियों के तहत DJ संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में दिल्ली, मेरठ, लोनी, गाजियाबाद आदि से आए DJ संचालकों और यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर्स को नियमों की जानकारी दी गई व नोटिस थमाए गए। दिए गए नोटिस में कुछ प्रमुख बिंदु रखे गए है जिनका उल्लंघन करने पर पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी है।

प्रमुख बिंदु-
- DJ साउंड सिस्टम की ऊँचाई व आकार वाहन की बॉडी के अनुरूप ही होनी चाहिए।
- धार्मिक या जातीय विद्वेष फैलाने वाले गाने, डायलॉग या टिप्पणियों का प्रसारण पूर्णतः वर्जित रहेगा।
- DJ कंपटीशन, सड़क पर नाच-गाना अथवा किसी भी प्रकार की अशोभनीय गतिविधियों पर रोक रहेगी।
- असत्य/उत्तेजक सामग्री को सोशल मीडिया या यूट्यूब पर प्रसारित करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- सभी DJ संचालकों को ध्वनि नियंत्रण, ट्रैफिक सहयोग एवं प्रशासन से समन्वय बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।

सभी संचालकों ने उक्त नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने का आश्वासन दिया है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शर्तों का उल्लंघन करने पर सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
