इलाज में लापरवाही, दो प्रसूताओं पर भारी: मौत

0

मां गंगा मेटरनिटी एंड आई केयर में 2 मौतों से सनसनी

एक ही दिन में दो मौतों से अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल

संसाधन और विशेषज्ञों के अभाव में संचालित हो रहा अस्पताल

हरिद्वार। हरिद्वार के एक निजी अस्पताल में लापरवाही की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बहादराबाद क्षेत्र के मां गंगा मेटरनिटी एंड आई केयर में डिलीवरी के दौरान दो प्रसूताओं की मौत हो गई। मृतकों में मीनाक्षी निवासी नानौता, सहारनपुर और खुशबू निवासी नारसन, रुड़की शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों नवजात बच्चे फिलहाल सुरक्षित हैं।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में न तो पर्याप्त संसाधन थे और न ही विशेषज्ञ डॉक्टर। डिलिवरी के बाद सही इलाज न मिलने की वजह से दोनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया। इस लापरवाही के खिलाफ परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिस पर भीम आर्मी कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ का प्रयास किया।

स्थिति बिगड़ती देख बहादराबाद समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को किसी तरह काबू में किया गया। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।

अब बड़ा सवाल ये खड़ा हो गया है कि क्या ऐसे निजी अस्पताल बिना संसाधन और विशेषज्ञों के ही चल रहे हैं? क्या प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी इतनी ढीली है कि किसी की जान से इस तरह खिलवाड़ किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed