पिटकुल के प्रबंध निदेशक ने मुख्यमंत्री को सौंपा लाभांश के 11 करोड़ का चेक
उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने के लिए निगमों को बरतनी होगी सक्रियता
विद्युत निगम को निर्देश, शिलान्यास किए गए पांचों उपकेंद्रों के काम लाए तेजी
विगत 03 वर्षों से उत्तराखण्ड शासन को प्रत्येक वर्ष ₹ 5 करोड़ का दिया गया लाभांश
मौजूदा वित्तीय वर्ष 2023-24 में पिटकुल ने ₹ 141.67 करोड़ का अर्जित किया लाभ
देहरादून। मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में पिटकुल के प्रबंध निदेशक ने आज सीएम पुष्कर सिंह धामी को लाभांश के 11 करोड़ का चेक सौंपा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को ऊर्जा प्रदेश बनाने के लिए विद्युत निगमों को पूरी सक्रियता से सहयोगी बनना होगा। राज्य स्थापना की मूल संकल्पना में उत्तराखण्ड को ऊर्जा प्रदेश बनाना था। उन्होंने कहा कि ऊर्जा और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा लगातार कार्य किये जा रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि आगामी पांच सालों में उत्तराखण्ड में राज्य की मांग के हिसाब से ऊर्जा का उत्पादन हो।
ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने पिटकुल के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सितम्बर 2024 में पिटकुल के जिन 05 नये उपकेन्द्रों का शिलान्यास किया गया उनके कार्यों में तेजी लाई जाए।
प्रबंध निदेशक पिटकुल पी.सी.ध्यानी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पिटकुल ने गत वर्ष 2022-2023 में ₹ 26.99 करोड़ की तुलना में वित्तीय वर्ष 2023-24 में ₹ 141.67 करोड़ का लाभ अर्जित किया।
यह भी पढ़ें : प्रयागराज के कुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं को मिल सकती है स्लीपिंग पॉड्स की सुविधा
विगत 03 वर्षों से उत्तराखण्ड शासन को प्रत्येक वर्ष ₹ 5 करोड़ का लाभांश दिया गया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पिटकुल में विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किये जा रहे हैं। वर्तमान में पिटकुल की ट्रॉसमिशन उपलब्धता भी 99.70 प्रतिशत है जिसके निर्धारित राष्ट्रीय मानकों 98 प्रतिशत से अधिक होने के फलस्वरूप पिटकुल को प्राप्त होने वाली प्रोत्साहन धनराशि के एक तिहाई भाग को विद्युत टैरिफ में छूट के रूप में सीधे दिये जाने से विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ प्राप्त हो रहा है।
यह भी पढ़ें : रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन व उद्योगपति मुकेश अंबानी पहुंचे श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम
इस अवसर पर अपर सचिव मनमोहन मैनाली, निदेशक पिटकुल जी.एस. बदियाल, पिटकुल से अरूण सबरवाल, मनोज कुमार श्रीमती शालू जैन, पंकज कुमार उपस्थित थे।
