सिडकुल की बजाज कंपनी के कर्मचारी का मिला शव, हत्या कर शव सड़क पर फेंका

0
InShot_20241101_125949051

ऊधमसिंहनगर में क्राइम का ग्राफ बढ़ता ही दिख रहा है। जहां कभी चोरी छिपे या कभी दिन दहाड़े क्राइम होता है, तो वहीं रात के अंधेरे में भी हत्या जैसी खौफनाक वारदात को अंजाम देकर क्रिमिनल आसानी से फरार भी हो जाता है। ऐसा लग रहा है मानो अपराधी को पुलिस का खौफ ही नहीं है। रात के अंधेरे में हुई ऐसी ही एक वारदात ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा से सामने आई है। जहां बजाज कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया जाता है।

बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में 35 वर्षीय युवक की हत्या कर शव को किच्छा के रामेश्वरपुर में शहीद स्मारक से रुद्रपुर जाने वाली सड़क पर फेंक दिया गया। उसके सिर पर चोटों के निशान पाए गए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही पुलिस ने जांच के दौरान शक के दायरे में आई एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।

जानकारी के अनुसार देवलचौड़ हल्द्वानी निवासी नीरज पंत (35) सिडकुल पंतनगर स्थित बजाज कंपनी में काम करता था। वह रोजाना की तरह बीते 28 अक्तूबर की शाम हल्दुचौड में बाइक खड़ी कर कंपनी की बस से कंपनी आया था। उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। जिसे लेकर परिजनों में चिंता बढ़ गई और खोजबीन शुरू की गई। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया। जांच के दौरान पता चला कि 28 अक्टूबर को कंपनी में उसने पंच ही नहीं किया। इधर बृहस्पतिवार को उसका शव रामेश्वरपुर गंगापुर रोड पर मिला। उसके सिर पर चोटों के निशान भी पाए गए। पुलिस ने बजाज कंपनी से लेकर रुद्रपुर शहर तक कैमरे खंगाले तो पता चला कि नीरज नैनीताल रोड स्थित बार में गया था। इसके बाद वह रात को एक बजे डीडी चौक पर दिखाई दिया। लगभग 45 मिनट बाद वह ई-रिक्शा पर बैठकर किच्छा बाईपास रोड पर जाता दिखाई दिया। साथ ही एक महिला भी श्याम टाकीज तिराहे से वाहन में बैठती दिख रही है। सुनसान जगह होने पर ये सड़क रात में कम इस्तेमाल होती है।

उधर सूचना पर एसपी क्राइम मनोज कत्याल, सीओ बहादुर सिंह चौहान, कोतवाल धीरेंद्र कुमार समेत पुलिस दल मौके पर पहुंच गए थे। एसपी क्राइम कत्याल ने बताया कि युवक की हत्या की गई है। मामले में अज्ञात पर केस दर्ज किया जा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *