उत्तराखंड के मशहूर यूट्यूबर को लॉरेंस विश्नोई के गैंग से मिली धमकी, 2 करोड़ की रंगदारी की मांग
हल्द्वानी। उत्तराखंड के मशहूर यूट्यूबर सौरभ जोशी को गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई की ओर से धमकी भरा पत्र मिला है। जिसमें 2 करोड़ की फिरौती की मांग की गई है। साथ ही धमकी दी गई कि यदि 5 दिनों में पैसा नहीं दिया तो परिवार के सदस्यों को मार दिया जाएगा। यूट्यूबर सौरभ जोशी को ये धमकी भरा पत्र करन विश्नोई के नाम से मिला है। सौरभ जोशी की तहरीर पर पुलिस ने कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित ओलिविया निवासी यूट्यूबर सौरभ जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसे एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ है। इस पत्र मे मेरे और मेरे परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई है। सौरभ ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह बहुत भयभीत है। उधर पुलिस ने सौरभ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्र में लिखा है –
“नमस्ते सौरव जोशी, मैं करन बिश्नोई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से हूं, यह पत्र आपको एक महत्वपूर्ण सूचना देने के लिए भेजा जा रहा है। हमारे बॉस लॉरेंस बिश्नोई ने आपको हमारी गैंग को दो करोड़ रुपये नकद देने का आदेश दिया है। यदि आप नकद राशि नहीं देते है तो आपको या आपके परिवार के किसी भी सदस्य को मारने का आदेश दिया गया है।
पांच दिन में पैसे देने की धमकी पत्र में लिखा है कि हम पांच दिन तक आपके जवाब का इंतजार करेगें। यदि आपने कोई भी जवाब नही दिया या फिर पुलिस में शिकायत करने की कोशिश की या इस बात को अपने परिवार के अलावा किसी अन्य व्यक्ति से सांझा किया तो आपके परिवार से एक सदस्य कम हो जाऐगा।हम आपके जवाब का इंतजार करेगें और दुआ करेगें कि आप सही फैसला ले क्योकिं एक भी गलत कदम आपके परिवार की जान ले सकता है। यदि आपको हमसे बात करनी हो तो हम आपको हमारा इंस्टाग्राम आईडी दे रहे है। जिसे हमारी गैंग ऑपरेट करती है karanbishnoi5672, जय महाकाल”
आपको बता दें कि सौरभ जोशी बहुत ही कम उम्र के एक मशहूर यूट्यूब ब्लॉगर हैं। जिसके 29.8मिलियन सब्सक्राइबर है। 10 से 15 साल की उम्र के किशोरों में सौरभ जोशी का अच्छा खासा क्रेज है। वें अपनी दिनचर्या के ब्लॉग से युवाओं के दिलों में जगह बनाए हुए हैं।
