जीआरपी ने चारधाम यात्रियों को जहरखुरानी गिरोह से बचाया, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
दो जाहिरखुरानी शातिर ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार
चारधाम यात्रियों को बना रहे थे निशाना
दोनों की तलाशी में 159 नशीली टैबलेट और 3500 नगदी बरामद
देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। जिसके चलते जहरखुरानी गिरोह भी सक्रिय हो चले हैं। जो नशीला पदार्थ यात्रियों को खिलाकर लूटपाट करते हैं। देहरादून जीआरपी की सक्रियता के चलते श्रद्धालुओं को अपना शिकार बनाने वाले दो शातिर जहरखुरानों को धर दबोचा है।

एसपी जीआरपी तृप्ति भट्ट (IPS) के मजबूत नेतृत्व और सटीक रणनीति के चलते जीआरपी टीम ने इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। आरोपी प्रताप सिंह और किशन ने चारधाम दर्शन कर लौट रहीं 8 महिला यात्रियों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया था। बेहोशी की हालत में महिलाओं के मोबाइल, मंगलसूत्र और नगदी लूट ली गई।
जांच के दौरान जीआरपी देहरादून ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों को ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने पर इनके कब्जे से 159 नशीली टैबलेट्स और 3500 रुपये नगद बरामद हुए।बता दें, मुख्य आरोपी प्रताप सिंह पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसका साथी किशन नोएडा में मजदूरी करता है।

एसपी तृप्ति भट्ट ने इस कार्रवाई को चारधाम यात्रा सुरक्षा में बड़ी कामयाबी बताते हुए पूरी टीम को शाबाशी दी है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनी हुई है। देहरादून जीआरपी की ये ताबड़तोड़ कार्रवाई चारधाम यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत साबित हुई है।
