परिवहन मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के कार्मिकों ने किया दो घंटे का कार्यबहिष्कार
आज देहरादून के सम्भागीय परिवहन कार्यालय में परिवहन मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के आहवान पर तैनात मिनिस्ट्रियल कार्मिकों द्वारा दो घंटे का पूर्ण कार्य बहिष्कार किया गया। कार्य-बहिष्कार कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए परिवहन मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री श्री बिनोद चमोली द्वारा शासन की हठधर्मिता के प्रति भारी रोष व्यक्त किया गया एवं समस्त कार्मिकों को एकजुट रहने का आह्वान किया। कार्यबहिष्कार कार्यक्रम की अध्यक्ष्ता मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती रुखसाना शम्सी द्वारा की गई।
उल्लेखनीय है कि जनपद रुद्रप्रयाग में दिनांक 15 जून को हुई वाहन दुर्घटना के बाद, तब से ही निलम्बित चार विभागीय कार्मिकों को बहाल करने के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद भी जब उन कार्मिकों को बहाल नहीं किया गया तो परिवहन विभाग के सभी मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी, संघ द्वारा घोषित आन्दोलन कार्यक्रम के अनुसार कार्य बहिष्कार पर चले गये। संघ द्वारा निर्धारित आन्दोलन कार्यक्रम के अनुसार कर्मचारियों द्वारा दिनांक 03 अगस्त तथा दिनांक 05 अगस्त को सुबह 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक 02 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उसके बाद दिनांक 6,7,8 और 9 अगस्त को उनके द्वारा पूर्ण कार्य-बहिष्कार किया जाएगा।
कार्यबहिष्कार में परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री बृज मोहन सिंह रावत द्वारा सभी कार्मिकों को संघ द्वारा घोषित कार्यक्रम में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। आज घोषित कार्यबहिष्कार कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष श्री अमित गुप्ता, केन्द्रीय कार्यकारणी सदस्य श्री देवेन्द्र मनवाल एवं कुमारी निकिता गुंसाई सहित श्री देवेन्द्र सिंह रातव, श्रीमती सुरेखा सपालोक, प्रदीप करासी, फहीम अहमद, रेखा पाण्डे, प्रदीप मन्द्रवाल, सरिता बहुगुणा, प्रीती सेमवाल आदि उपस्थित रहे।
