देहरादून की सड़कों पर ई-रिक्शा व ई- ऑटोरिक्शा चालकों पर परिवहन विभाग की कार्यवाही, हड़कंप
देहरादून शहर में जगह जगह जाम की स्थिति से दो चार होना पड़ता है, जिसका एक प्रमुख कारण सड़कों पर ई रिक्शा की बढ़ती अनियमित भीड़ भी है, जो आज सड़क पर सबसे ज्यादा दौड़ते दिखाई पड़ते है। लेकिन ऐसा लगता है कि जो लोग इनका संचालन कर रहे हैं उनके लिए सड़क के नियम कायदे कोई मायने नहीं रखते। जिसको लेकर आज देहरादून प्रवर्तन कार्यालय हरकत में आया और 104 वाहनों के चालान के साथ 31 वाहनो को सीज कर दिया।
देहरादून आरटीओ को लगातार इन वाहनों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थी और जब आज देहरादून आरटीओ शैलेश तिवारी की टीम ने सड़क पर उतर कर कार्यवाही करनी शुरू की तो पाया कि कई ई रिक्शा या ऑटोरिक्शा संचालकों के पास न तो डीएल है और ना ही कोई वैध कागज़। और ये वाहन बिना किसी नियम कायदे के देहरादून की सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं।
शहर में ई-रिक्शा और ई-आटोरिक्शा बिना वैध प्रपत्रों, बिना डीएल, ओवरलोड़िंग, अधिक सीट लगी होने एवं अधिक किराया वसूली की शिकायतों पर सख्ती दिखाते हुए देहरादून आरटीओ शैलेश तिवारी के निर्देशन में देहरादून शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवर्तन अधिकारियों की टीम ने चैकिंग अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व एआरटीओ(प्रवर्तन) राजेन्द्र विराटिया द्वारा किया गया। उनके अतिरिक्त अभियान में श्री एम0डी0 पपनोई, श्रीमती श्वेता रौथाण, सुश्री अनुराधा पन्त एवं श्री जितेन्द्र बिष्ट, परिवहन कर अधिकारी सम्मिलित थे।
प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा चलाये गये अभियान के तहत 104 ई रिक्शा ई आटो रिक्शा के चालान किये गये जिसमें से 31 वाहनों को सीज किया गया है। चालान किये गये वाहनों में 45 वाहनों के चालकों द्वारा डीएल नहीं दिखाया गया। 05 वाहनों में अतिरिक्त सीटें लगी पायी गयी। इसके अलावा कई वाहनों का कर भी जमा नहीं पाया गया जिनको कि सीज किया गया है।
आरटीओ श्री शैलेश तिवारी ने बताया कि “शहर के प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा और ई-आटो वाहनों के बिना वैध प्रपत्रों, ओवरलोड़िंग, बिना कर अदायगी, मोड़ पर वाहन खड़ा कर एवं झुण्ड में वाहन चलाकर जाम लगाने, ई-रिक्शा आदि वाहनों में माल ढोने, प्रतिबंधित मार्ग पर संचालन करने आदि शिकायतें प्राप्त हो रही थी जिस पर सहारनपुर मार्ग, कांवली रोड़, बल्लीवाला, जीएमएस रोड़, सहस्रधारा रोड़, हरिद्वार रोड़, चकराता रोड़, घंटाघर, राजपुर रोड़ आदि क्षेत्रों में चैकिंग अभियान चलाया गया।” उनके द्वारा बताया गया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
