“राम तेरी गंगा मैली” की प्रसिद्ध अदाकारा कल उत्तराखंड में
काशीपुर । “सुन साहिबा सुन” अदाकारा कल उत्तराखंड के एक टेलेंट शो में हिस्सा लेंगी। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री मंदाकिनी कल बतौर मुख्य अतिथि के रूप में टेलेंट शो में शामिल होने आ रही हैं।

आपको बता दें कि मशहूर अभिनेत्री मंदाकिनी ने उत्तराखंड को अपने अभिनय से एक नई पहचान दिलाई थी। प्रसिद्ध फिल्म “राम तेरी गंगा मैली” के एक मशहूर गाने का फिलांकन जिस झरने के नीचे किया गया था उस झरने को आज मंदाकिनी वाटरफॉल के नाम से जाना जाता है। जिसे पहले हर्षिल फॉल के नाम से जाना जाता था। यह झरना उत्तराखंड के हर्षिल के भागीरथी घाटी में स्थित है।

अब ये मशहूर अदाकारा उत्तराखंड के काशीपुर में एक टैलेंट शो में हिस्सा लेने आ रही हैं। जोकि जसपुर खुर्द स्थित होली डे आनंद में आयोजित किया जा रहा है। इस टैलेंट शो में गायन और नृत्य की प्रतियोगिता होगी। इसमें बालीवुड अभिनेत्री सिमरन भी शिरकत करेंगी। कार्यक्रम आयोजक शान खान ने बताया कि यह शो कल 30 सितंबर को दोपहर बाद आयोजित किया जाएगा। इस शो में बतौर जज मनोज कुमार दहिया भी शामिल होंगे। मनोज कुमार दहिया काशीपुर के मूल निवासी हैं और मुंबई में बालीवुड में अभिनय कर रहे हैं। कुछ टीवी सीरियल में भी मनोज कुमार दहिया भूमिका निभा चुके हैं। शो में काशीपुर के प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ रजनीश कुमार शर्मा, उमेश जोशी एडवोकेट, हेम भट्ट आदि अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं।
