हरिद्वार जिला कारागार से दो कैदी फरार, जेल में रामलीला मंचन का उठाया फायदा

0

 

हरिद्वार: हरिद्वार की बड़ी जेल कही जाने वाली जिला कारागार से दो कैदी फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जेल में रामलीला का मंचन चल रहा था साथ ही हाई सिक्योरिटी बैरक का निर्माण कार्य भी जारी था। जिसका फायदा उठा कर दोनो कैदी फरार हो गए।
आपको बता दें कि रोशनाबाद स्थित जिला कारागार में पिछले 9 दिनों से रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इसके साथ ही हाई सिक्योरिटी बैरक का निर्माण कार्य भी चल रहा है। बताया जा रहा है कि ऐसे ही मौके का फायदा उठाकर कैदी पंकज निवासी रुड़की और राजकुमार निवासी गोंडा उत्तर प्रदेश ने निर्माण स्थल से सीढ़ी उठाई और जेल से भागने में सफल हो गए। जेल प्रशासन को इस बात का पता चलते ही हड़कंप मच गया।
पंकज हत्या के मामले में आजीवन कारावास काट रहा था। बताया जा रहा है कि वह वाल्मीकि ग्रुप से संबंध रखता है। जबकि राजकुमार अपहरण और फिरौती के मामले में विचाराधीन कैदी है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। दोनों कैदियों के फरार होने से जेल प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल अधिकारी जेल प्रशासन की लापरवाही की जांच की भी बात कर रहे है।

“कल शाम 7 से 8 बजे की बीच की ये घटना है। उसके बाद जेल प्रशासन ने खुद उन्हें ढूंढने का प्रयास किया फिर सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को कैदियों के फरार होने की सूचना दी गई। सूचना में देरी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल जेलर यहां तैनात है। जेल मैनुअल की जांच की जा रही है, की सूचना में देरी का क्या कारण रहा होगा? फिलहाल सिडकुल थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया है और पुलिस तलाश में जुटी है।”
प्रमेंद्र डोभाल, एसएसपी, हरिद्वार

“जेल में रामलीला का मंचन चल रहा था साथ ही निर्माण कार्य भी जारी है। जिसके चलते उन्हें सीढ़ी मिल गई और वे फरार हो गए। बाकी सभी गार्ड और जेल प्रशासन रामलीला में व्यस्त थे। जेल प्रशासन की साफ साफ लापरवाही है। जिनको सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था वो भी रामलीला में व्यस्त थे। प्रशासन ने अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं निभाई। अब इसमें विभागीय कार्यवाही के साथ साथ मजिस्ट्रियल जांच भी की जाएगी। जो जिम्मेदार हैं उन्हें सजा होगी।”

कामेंद्र सिंह, डीएम, हरिद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed