बड़ी खबर: अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में खाई में गिरी बस, 20 लोगों के मरने की पुष्टि, आंकड़ा बढ़ सकता है
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के मार्चुला में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन की एक बस सावरा बैंड पर, पंपिंग योजना के पास खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रशासन ने हादसे में 20 लोगों के मरने की पुष्टि की है। अभी रेस्क्यू जारी है।

सूचना के अनुसार घटना सुबह 7:30 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। बस नैनीदांडा से रामनगर जा रही थी। साल्ट क्षेत्र के मार्चुला के पास सावरा बैंड पर बस दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। थाना सल्ट पुलिस, रानीखेत से फायर की टीम, एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर मौजूद है। हादसे में 20 यात्रियों के मरने की पुष्टि की गई है। आशंका जताई जा रही है कि अभी ये आंकड़ा और बढ़ सकता है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है। शवों को निकालने का सिलसिला जारी है।

सड़क हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट x के माध्यम से दुख व्यक्त किया है। साथ ही गंभीर घायल यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर एयरलिफ्ट करने की भी बात कही।
जनपद अल्मोड़ा के मार्चुला में हुई दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन को तेजी के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन एवं SDRF की टीमें घायलों को निकालकर उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुँचाने हेतु तेजी से कार्य कर रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के लिए भी निर्देश दिए हैं।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
यह भी पढ़ें : जानिए आज का पंचांग और हेमंत ऋतु में स्वास्थ्य रक्षा के उपाय
एक बार फिर किसी की लापरवाही का खामियाजा पहाड़ के लोगों ने भुगता है। बस की फिटनेस, बस का परमिट ड्राइवर की लापरवाही जैसे बिंदुओं पर फिर से जांच की बात कही जाएगी परंतु जिनके घरों के चिराग बुझे है, उनके लिए जवाबदेही किसकी होगी?
