हरिद्वार जिले के 10 उपनिरीक्षक हुए पदोन्नत
हरिद्वार जिले के 10 उपनिरीक्षक हुए पदोन्नत
हरिद्वार। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय, देहरादून द्वारा 30 मई 2025 को जारी आदेश के तहत प्रदेशभर के कुल 57 उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है। इस सूची में जनपद हरिद्वार के भी 10 उप निरीक्षकों के नाम शामिल हैं, जिनका प्रमोशन होने से जिला पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखा गया। पदोन्नत हुए उप निरीक्षकों में जहांगीर अली, वीरेन्द्र चन्द्र रमोला, नरेश कुमार, सुभाष चन्द्र, चित्रगुप्त, नरेश सिंह, केदार सिंह, प्रदीप सिंह, मनोहर सिंह और विनोद प्रसाद शामिल हैं।

शनिवार शाम एसएसपी कैंप कार्यालय हरिद्वार में एक संक्षिप्त मगर भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने सभी नवपदोनन्नत निरीक्षकों को स्वयं स्टार पहनाकर उनके नए दायित्वों की शुरुआत करवाई। इस मौके पर एसपी क्राइम जितेन्द्र मेहरा, एसपी सिटी पंकज गैरोला और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौजूद रहे, जिन्होंने भी सभी प्रमोट ऑफिसर्स को बधाई दी।

कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह खुशनुमा और आत्मीय रहा। सभी प्रमोटेड निरीक्षकों ने मिठाइयों से एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने अपने संदेश में कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी निरीक्षक नई भूमिका में भी पहले की तरह ऊर्जा और निष्ठा से काम करते रहेंगे।
यह भी पढ़ें:बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीनों आरोपियों पर दोष सिद्ध
पुलिस विभाग में यह प्रमोशन लंबे समय से प्रतीक्षित था। ऐसे में इस घोषणा से हरिद्वार जिले के पुलिसकर्मियों में नया जोश देखने को मिला है। वरिष्ठ अधिकारियों ने यह भी कहा कि पुलिस बल का मनोबल ऊंचा रखने के लिए इस तरह की पदोन्नतियां समय-समय पर आवश्यक हैं। अब इन नए निरीक्षकों से जनता को और बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीदें होंगी।
