पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना के समर्थन में नुक्कड़ सभा द्वारा की वोट अपील
- मंगलौर की जनता ने हाजी—काजी के वादों पर भरोसा कर गवाएं विकास के कई साल
- मुख्यमंत्री के विकास विजन को आगे बढ़ाने के लिए मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना का जीतना जरूरी- स्वामी यतीश्वरानंद
मंगलौर। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने नुक्कड़ जनसभाओं के साथ मंगलौर में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि मंगलौर की जनता कभी काजी तो कभी हाजी पर विश्वास जताती रही, लेकिन क्षेत्र में विकास न के बराबर ही रहा। इस बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को आगे बढ़ाना है तो भाजपा के विधायक प्रत्याशी का जीतना जरूरी है।
8 जुलाई से चुनाव प्रचार थम जाएगा और 9 जुलाई को शांत तरीके से केवल डोर टू डोर प्रचार किया जा सकेगा। शनिवार में भारी बारिश के चलते भी भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना के समर्थन में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने प्रचार प्रसार में अपनी ताकत झोंक दी। नारसन कलां में नुक्कड़ सभा करते हुए स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने बिना किसी जाति भेदभाव के जल जीवन मिशन से हर गांव में नई टंकी बनवाई और एक रुपये में पानी का कनेक्शन दिया। किसानों की स्थिति मजबूत करने के लिए साल में 6000 रुपये देने का काम किया। गन्ने का भाव बढ़ाने के साथ तत्काल गन्ना भुगतान कराया। किसानों को उर्वरक के साथ उपकरणों पर सब्सिडी देने का काम किया।
उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र में विकास कार्यों में हाजी और काजी ने कभी रूचि नहीं ली, केवल अपना नाम किया है। उन्होंने कहा कि आज मंगलौर क्षेत्र को बसपा और कांग्रेस का भ्रम तोड़ना होगा,और इस क्षेत्र में भाजपा विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के विकास विजन को आगे बढ़ाना होगा। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र का समुचित विकास चाहिए तो दस जुलाई को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर समय से मतदान कर भाजपा प्रत्याशी को जीताने का काम करेंगे।
