विश्व पर्यटन दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड
देश विदेश में अपनी पहाड़, संस्कृति और चारो धामों के लिए प्रसिद्ध है। पहाड़ की समृद्ध संस्कृति और विरासत ही उत्तराखंड को देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर विशेष दर्जा दिलाती है। यहां के त्योहार, मेलों और उत्सवों में प्रदेश की बहुआयामी लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, नैसर्गिक प्राकृतिक सौंदर्य, लोक संगीत एवं नृत्यों की विविधताएं सैलानियों के लिए सदैव ही आकर्षण का केन्द्र रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे चारधाम और यहां की सुंदरता सदियों से देश व दुनिया के करोड़ों लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती आई है। राज्य की आर्थिकी को मजबूती देने में पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि रोड़ कनेक्टिविटी एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से निश्चित रूप से राज्य के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की आर्थिकी के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया जा रहा है। कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के बनने से पहाड़ों में रेल के दौड़ने का सपना पूरा होने जा रहा है। राज्य के नैसर्गिक प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटन, उद्योग एवं व्यापार की यहां अपार संभावनाएं हैं। राज्य में होम स्टे को और बढ़ावा दिया जा रहा हैं। इससे ग्रामीण पर्यटन तथा आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।
