नैनीताल की प्रसिद्ध झील में मिला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
नैनीताल। नैनीताल की नैनी झील में अक्सर लोगों को बोटिंग करते हुए देखा गया है लेकिन पिछले कुछ समय से ये नैनी झील मायूस लोगों के लिए आत्महत्या का केंद्र बनती जा रही है। अभी कुछ दिन पहले एक महिला ने नैनीझील में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था जिसे बोट संचालकों की सूझ बूझ से बचा लिया गया था। लेकिन अब एक शव के मिलने से आत्महत्या के कयासों को बल मिलता जा रहा है।

ताजा मामला तल्लीताल डाँठ के पास स्थित बोट स्टैंड के पास का है। जहां झील में एक शव तैरता मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला।
थानाध्यक्ष तल्लीताल रमेश बोरा ने जानकारी दी कि शव के पास से कोई पहचान पत्र या कोई दस्तावेज न मिलने से मृतक की पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। इसलिए शव को शिनाख्त के लिए रखा गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पर्यटक होने की आशंका के चलते अन्य जिलों में भी पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
विश्व पर्यटन दिवस पर प्रसिद्ध पर्यटक स्थल पर शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। जिसकी शिनाख्त करना भी पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रही है। विचार करने वाला तथ्य है की विश्व पर्यटन दिवस पर दावे तो बहुत हैं मगर पर्यटक स्थलों की सुरक्षा किसकी जिम्मेदारी है? क्या पुलिस सिर्फ शिनाख्त और जांच तक ही सीमित है?
