उत्तराखंड की जमीनों के सर्किल रेट में 15 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी होने का अनुमान
देहरादून: यदि आप उत्तराखंड में प्रॉपर्टी खरीदने का सपना देख रहे हैं तो ये खबर आपके बहुत काम की है। उत्तराखंड सरकार अब जल्द ही जमीनों के सर्किल रेट में इजाफा करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार जानकारी है कि राज्य में जल्द ही जमीनों की कीमत में 15 से 20 प्रतिशत तक की औसत वृद्धि होने की सम्भावना है।
सूबे की सरकार अब जल्द ही नए सर्किल रेट लागू करने का प्लान तैयार कर रही है। फिलहाल सरकार ने प्रदेश के सभी जनपदों से प्रस्ताव मांगे हैं। यदि सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में उत्तराखंड की जमीनों के सर्किल रेट में 15 से 20 फीसदी का इजाफा हो सकता है।

आपको बता दें कि उत्तराखंड सरकार के पिछले कार्यकाल में कोरोना के चलते जमीनों के सर्किल रेट में कोई संशोधन नहीं किया गया था। उसके बाद राज्य सरकार ने उन तीन सालों का आकलन करते हुए उत्तराखंड के प्रॉपर्टी के रेट में औसतन 33 फीसदी की बढ़ोतरी की थी और अब फिर से सर्किल रेट के इजाफे की चर्चाओं से बाजार गर्म है।
सरकार जमीनों के सर्किल रेट में कितना इजाफा करती है, इसकी तो कोई सटीक जानकारी हमारे पास नहीं है, लेकिन जिन चर्चाओं से माहौल गर्म है उसके मुताबिक इस बार राज्य में जमीनों की कीमत में 15 से 20 प्रतिशत तक औसत बढ़ोतरी होने की संभावना है।
