महाकुंभ में आग का तांडव, 25 से 30 टेंट जलकर राख, सिलेंडरों में भी धमाके

0
InShot_20250119_175644263

महाकुंभ में टेंटो में लगी भीषण आग

सेक्टर 19 के तुलसीमार्ग के समीप हुआ हादसा

टेंटो में आग के दौरान सिलेंडरों में हुए धमाके

प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ मेले से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां मेला क्षेत्र के सेक्टर 19 तुलसी मार्ग की टेंट सिटी में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अब तक वहां लगभग 30 से ज्यादा टेंटो में आग लग चुकी है और उनमें रखे सिलेंडरों में भी विस्फोट होने के चलते आग ने अपना विकराल रूप ले लिया है।

यह घटना लोहे के रेलवे ब्रिज के नजदीक हुई, जहां टेंट सिटी का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां तुरंत पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। इस घटना में जानमाल के नुकसान की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

महाकुंभ में भीषण आग की घटना से हर कोई स्तब्ध है। टेंटों में रखे सिलेंडर लगातार विस्फोट कर रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। यह आग अखाड़े के आगे वाली सड़क पर, लोहे के ब्रिज के नीचे लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। मौके पर प्रशासन के उच्चाधिकारी के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी स्थिति का जायजा ले रहे है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने x पर पोस्ट करके कहा है कि

“प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ-2025 स्थित सेक्‍टर 19 (तुलसी मार्ग) में हुए अग्निकांड के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दल घटनास्थल पर मौजूद है और वहां आने वाले साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की जा रही है। सरकार की ओर से पूरे प्रकरण पर गंभीर नजर भी रखी जा रही है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *