गोकशी की सूचना पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, औजारों के साथ भारी मात्रा मे गो मांस बरामद
पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
गोकशी की सूचना पर की थी घेराबंदी
मौके से 200 किलो गोमांस, खाल व हथियार हुए बरामद
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में गोकशी का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस लगातार सतर्कता बरते हुए है। लेकिन इस गोरखधंधे में लिप्त शातिर बेखौफ इस अपराध को अंजाम दे रहे है। ऐसे ही एक मामले की सूचना पर कलियर पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की। लेकिन बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसके तहत एक बदमाश घायल हो गया और दूसरा मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को रुड़की चिकित्सालय भिजवा दिया साथ ही मौके से भारी मात्रा में गो मांस, गोकशी के औजार और हथियार बरामद किये।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि पुलिस को ग्राम रोला हेड़ी के जंगल में गोकशी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को घायल कर पकड़ा। उसकी पहचान नोशाद (42) निवासी सिकरोड़ा के रूप में हुई है।मौके से 200 किलो गो मांस, तीन गोवंश के सिर, खाल, औजार और हथियार बरामद हुए हैं। घायल को रुड़की के अस्पताल भेजा गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने कहा गोकशी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
