होटल में चल रहा था जुए का कारोबार, रानीपुर पुलिस ने मारा छापा, 9 जुआरी गिरफ्तार
होटल के कमरे में चल रहा था जुए का कारोबार
रानीपुर पुलिस की छापेमार कार्यवाही में 2 लाख 19 हजार रुपए हुए बरामद
यूपी के 9 जुआरियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
होटल के संचालक पर भी की गई कार्यवाही
हरिद्वार। हरिद्वार में जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रानीपुर पुलिस ने एक होटल में छापा मारकर गाजियाबाद और बुलंदशहर के 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शिवालिक नगर स्थित होटल डी-ग्लास में जुए की सूचना मिली थी, जिसके बाद कोतवाली रानीपुर की टीम ने मौके पर दबिश दी।
होटल के कमरा नंबर 201 में चल रहे इस जुए के अड्डे से पुलिस ने 2 लाख 19 हजार 700 रुपये नकद और ताश की दो गड्डियां बरामद कीं। सभी आरोपी बाहरी जिले के रहने वाले हैं, जो खास सौदे के तहत होटल में जुआ खेलने आए थे। पुलिस ने होटल के मैनेजर सुरेश रावत को भी हिरासत में लिया है, जो जुए के लिए कमरा देने की डील में शामिल था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि होटल मैनेजर को 20 हजार रुपये में जुआ खेलने की डील हुई थी। इस मामले में सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: मनसा देवी टनल में मिला मासूम का शव, दरिंदगी की आशंका से कांपा हरिद्वार
एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी समेत कुल 10 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
