जानकीचट्टी में यमुना का जलस्तर बढ़ने से भारी नुकसान
सावन शुरू होते ही पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का कहर देखने को मिलता है। ऐसे में मानसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ी तो आए दिन भारी बारिश के अलर्ट से पहाड़ों पर रहने वाले लोगों को आपदा का डर सताने लगा है। ताजा हाल यमुनोत्री की जानकी चट्टी का है जहां पर भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया और जानकी चट्टी के कई प्रमुख जगहों पर बाढ़ ने तबाही मचाई।
जलस्तर बढ़ने से बड़कोट के यमनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग झझरगाढ़ के पास यातायात बाधित हुआ है। साथ ही जानकीचट्टी में कुछ मवेशियों के बहने की भी खबर है। पार्किंग स्थल के नीचे की जमीन में कटाव होने के कारण पार्किंग के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है साथ ही शुभम पैलेस होटल के पास रोड की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रशासन ने मुस्तैदी से मोर्चा संभाल लिया है और जल्द ही स्थिति को सामान्य करने का प्रयास जारी है।
